ईडी ने कोर्ट से मांगा समय, 8 मई को होगी अगली सुनवाई
Sukesh Chandrashekhar And Jacqueline Fernandez, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस लंबे समय से महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस को लेकर चर्चा में चल रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सुकेश के साथ उन्हें भी सह-आरोपी बनाया है। हाल ही में ऐसी खबर आई थी कि जैकलीन इस केस में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं।
17 अप्रैल को उनके वकील ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में एक याचिका दायर की थी और बताया था जैकलीन सरकारी गवाह बनना चाहती हैं, जिसके बाद कोर्ट ने इस मामले को लेकर ईडी को नोटिस जारी किया था। आज यानी 20 अप्रैल को इस मामले पर कोर्ट में सुनवाई हुई।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान ईडी ने जैकलीन की उस याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा है, जिसमें एक्ट्रेस ने सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की अनुमति देने का अनुरोध किया है। ऐसे में अब इस मामले की अगली सुनवाई 8 मई को रखी गई है। देखना होगा कि अगली सुनवाई में क्या कुछ होता है, क्या जैकलीन को सरकारी गवाह बनने की अनुमति मिलती है या नहीं।
सुकेश और उसकी पत्नी पर क्या आरोप?
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी लीना पॉलोज को दिल्ली पुलिस ने अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (एमसीओसीए) भी लगाया है। सुकेश और उसकी पत्नी पर आरोप है कि दोनों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हवाला का इस्तेमाल किया और अपराध से अर्जित धन को ठिकाने लगाने के लिए मुखैटा कंपनियां बनाईं।
सुकेश ने जैकलीन को दिए थे महंगे गिफ्ट्स
सुकेश चंद्रशेखर ने जकैलीन को कई महंगे गिफ्ट्स दिए थे, जिसके बाद जैकलीन भी ईडी के निशाने पर आ गई थीं और उन्हें सह-आरोपी बनाया गया था। ईडी पहले उन्हें कई बार पूछताछ के लिए तलब भी कर चुकी है। अब जैकलीन ने इस मामले में सरकारी गवाह बनने का फैसला किया है। अगर ईडी उनकी इस अर्जी को स्वीकार कर लेती है तो इससे उन्हें फायदा हो सकता है और वो थोड़ी राहत पा सकती हैं।
ये भी पढ़ें: जब अक्षय कुमार के घर तक पहुंचा भूल भुलैया का खौफ, डर से 6 सला तक सहमा रहा बेटा

