नई दिल्ली. अफगानिस्तान की टीम को अपने घर पर खेलते हुए 3-0 से टी20 सीरीज में हराने वाली भारतीय टीम की हालत जापान के खिलाफ खराब हो गई. बारिश के कारण मैच को 5-5 ओवर का कर दिया गया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया मुश्किल से 32 रन तक पहुंच पाई. 22 सितंबर को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए ऐतिहासिक सुजुकी कप के इकलौते T20I मुकाबले में भारत 2 रन से जीता. आखिरी ओवर में जापान को 8 रन की जरूरत थी और रोमांचक मुकाबले में अक्षर पटेल ने टीम की लाज बचाई. मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिच पर सारा ठीकरा फोड़ा.
भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा जापान के खिलाफ खाता नहीं खेल पाए और पहली बॉल पर आउट होकर लौट गए. वहीं संजू सैमसन ने 7 बॉल खेलकर सिर्फ 9 रन बनाए. ईशान किशन ने 6 बॉल का सामना किया और महज 3 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान श्रेयर अय्यर ने 12 बॉल पर 16 रन की पारी खेल टीम की लाज बचाई.
Innings Break!#TeamIndia set a target of 33. Over to the bowlers now to defend this!
Updates ▶️ https://t.co/0YhYTwc8HS#TeamIndiaInJapan pic.twitter.com/9RBHm0b1dp
— BCCI (@BCCI) September 22, 2026
मैच खत्म होने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो इस विकेट पर बल्लेबाजी करना बहुत मुश्किल था. स्पिनर को अच्छी मदद मिल रही थी और बॉल बहुत ज्यादा टर्न ले रही थी. इस मैच में जापान के गेंदबाजों के खिलाफ हमारे दोनों ओपनर जो बड़ी साझेदारी करने में माहिर हैं उनको काफी मुश्किल हुई. बल्लेबाज स्पिन की गति का सही अंदाजा नहीं लगा पाए. जल्दी विकेट गंवाने के बाद जब मैं क्रीज पर गया तो तय किया कि सिंगल-डबल लेकर स्ट्राइक रोटेट करना सबसे जरूरी है.”
Target defended 👏👏#TeamIndia seal a nail-biter with a 2-run victory over Japan 💙
Scorecard ▶️ https://t.co/0YhYTwc8HS#TeamIndiaInJapan | #JPNvIND pic.twitter.com/icPNwzOb5s
— BCCI (@BCCI) September 22, 2026
उन्होंने आगे कहा, “जो मेरे साथ मैदान पर बल्लेबाजी करने आए उनको भी समझाया. उनके इसे लेकर चर्चा की और बताया कि बड़ा शॉट खेलना आसान नहीं. हमें सिर्फ गेंद की मेरिट के हिसाब से खेलना होगा. उसी अनुसार अपनी पारी को आगे बढ़ाने की योजना बनाने का फैसला किया.”
एशियन गेम्स 2026 की परिस्थितियां होंगी अलग
भारतीय टीम के लिए बीसीसीआई ने इस मैच को एशियन गेम्स में उतरने से पहले तैयारी के तौर पर आयोजित किया था. हालांकि यह मैच जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया जबकि एशियन गेम्स के मुकाबले निशिन के ‘कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क’ में खेले जाएंगे. बताया जा रहा है कि वहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार है. भारतीय महिला टीम ने इसी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 147 रन की एकतरफा जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. भारतीय पुरुष टीम 28 सितंबर को अपने एशियन गेम्स अभियान की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल से करेगी.

