अमेरिका-ईरान र्वाता विफल होने के चलते आई गिरावट, शुक्रवार को 12 हजार अंक उछला था
Pakistan Stock Market (द भारत ख़बर), कराची : एशिया के सभी प्रमुख बाजारों में गिरावट और अमेरिका-ईरान वार्ता बेनतीजा समाप्त होने का असर पाकिस्तानी शेयर बाजार पर काफी ज्यादा देखने को मिला। एक तरफ जहां पिछले सप्ताह पाकिस्तान शेयर बाजार अमेरिका और ईरान में वार्ता होने के चलते रिकॉर्ड बढ़त के साथ बंद हुआ वहीं सोमवार को बाजार खुलते ही मानो इसमें भूकंप आ गया।
पूरा दिन भारी बिकवाली का दौर रहा, जिसके चलते प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स केएसई 100 (केएसई 100) में लगभग 6,000 अंकों की भारी गिरावट दर्ज की गई। इस भू-राजनीतिक झटके ने निवेशकों के उत्साह को बुरी तरह से प्रभावित किया है। पाकिस्तान का प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक केएसई 100 सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान 3.5 प्रतिशत तक गोता लगाते हुए दिन के निचले स्तर 1,61,638 पर पहुंच गया।
पिछले सप्ताह एक ही दिन में 12 हजार उछला
सोमवार की यह भारी गिरावट पिछले सप्ताह के कारोबारी रुझान के बिल्कुल विपरीत है। बीते सप्ताह के बुधवार को जब अमेरिका और ईरान के बीच एक अस्थायी युद्धविराम की खबरें सामने आई थीं, तब पूरे क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद जगी थी। उस सकारात्मक खबर से निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ था और केएसई 100 इंडेक्स ने 12,000 से अधिक अंकों की जबरदस्त छलांग लगाई थी। यह बढ़त निरपेक्ष रूप से इंडेक्स की अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे बढ़त थी। लेकिन वार्ता के विफल होने से यह रिकॉर्ड तेजी कुछ ही दिनों में काफूर हो गई।
एशिया के प्रमुख बाजार गिरावट में बंद
पाकिस्तान ही नहीं इस गतिरोध के चलते एशिया के सभी प्रमुख बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक मामूली रूप से ऊपर रहा। यूरोपीय बाजारों में गिरावट देखी गई।
भारत का शेयर बाजार भी लाल निशान पर बंद
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक या 0.91 प्रतिशत गिरकर 76,847.57 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,681.93 अंक या 2.16 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 75,868.32 पर पहुंचा। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 207.95 अंक या 0.86 प्रतिशत गिरकर 23,842.65 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक सबसे पिछड़ने वाली कंपनियां रहीं। आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक विजेता रहे।डॉलर के मुकाबले रुपया 56 पैसे कमजोर होकर 93.39 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 300 रुपए सस्ता, चांदी भी 1800 रुपए गिरी

