नई दिल्ली. भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज पर तमाम फैंस की नजर है. आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाने के लिहाज से यह सीरीज दोनों ही टीम के लिए अहम है. गॉल में खेला जाने वाला पहले टेस्ट मैच टीम इंडिया के लिए बेहद खास है. भारतीय टीम अपने 600वें टेस्ट में खेलने उतरेगी. यह मैच एक भारतीय धुरंधर के लिए भी बेहद यादगार हो सकता है. भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सीरीज में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. श्रीलंका के खिलाफ उनके पास टीम इंडिया के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को पीछे छोड़ने का मौका होगा.
टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके रवींद्रे जडेजा को अब चयनकर्ताओं ने वनडे में लगातार मौका देना बंद कर दिया है. ऐसे में सिर्फ टेस्ट ही एक ऐसा फॉर्मेट है जिसमें उनको फैंस खेलते देखे रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज स्पिनर्स जिताएंगे ऐसा कहा जा रहा है. उन्होंने वार्म अप मैच में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ विकेट चटकाने के साथ रन भी बनाए. इस दौरे पर उनके पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा. जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ अब तक 7 टेस्ट मैचों में 33 विकेट लिए हैं. उन्होंने दो बार पारी में पांच विकेट झटके हैं. वो श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में विकेट लेने के मामले में इशांत शर्मा को पीछे छोड़ सकते हैं.
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है. उन्होंने 18 टेस्ट में 74 विकेट अपने नाम किए हैं. इसके बाद रविचंद्रन अश्विन 62 विकेट, हरभजन सिंह 53 विकेट और कपिल देव 45 विकेट के साथ मौजूद हैं. 12 टेस्ट में 36 विकेट लेकर ईशांत शर्मा लिस्ट में 5वें नंबर पर है. जडेजा अगर सीरीज के दौरान सिर्फ 4 विकेट लेने में कामयाब हुए तो ईशांत से आगे निकल जाएंगे. भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज की बात करें तो श्रीलंका काफी आगे है. महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने 22 टेस्ट में 105 विकेट चटकाए थे.
350 टेस्ट विकेट से सिर्फ दो कदम दूर
जडेजा के पास इस सीरीज में सिर्फ ईशांत को पीछे छोड़ने का ही मौका नहीं है बल्कि टेस्ट क्रिकेट में 350 टेस्ट विकेट पूरा कर सकते हैं. उनको इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 2 विकेट की जरूरत है. ऐसा करने वाले जडेजा 5वें भारतीय बनेंगे.
गेंदबाजी ही नहीं जडेजा के पास बल्लेबाजी में भी कीर्तिमान बनाने का मौका होगा. इस ऑलराउंडर ने अब तक भारत के लिए 89 टेस्ट मैचों में 4,095 रन बनाए हैं. टीम इंडिया के मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर के टेस्ट में 4154 रन हैं. सीरीज के दौरान 60 रन बनाने के साथ ही गंभीर के वो आगे निकल जाएंगे.

