यूपीएससी की तैयारी कर रही थी युवती, आईआरएस अधिकारी की बेटी थी मृतक युवती
Delhi Crime News (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के दक्षिणी एरिया में अमर कॉलोनी में एक संपन्न परिवार की बेटी की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। दरअसल जिस युवती की हत्या की गई उसकी आयु करीब 22 साल थी और वह वर्तमान में एक आईआरएस अधिकारी की इकलौती औलाद थी। युवती की हत्या सुबह उस समय की गई जब अधिकारी और उसकी पत्नी सुबह जिम के लिए घर से निकले। जब उक्त दंपति जिम से वापस लौटा तो उन्हें वारदात का पता चला। पीड़ितों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वारदात के बाद घरेलू नौकर फरार
पुलिस जांच में सामने आया है कि जब उक्त दंपति जिम के लिए गए थे तो उसके बाद उनकी बेटी और घरेलू सहायक ही घर पर मौजूद थे। लेकिन जब वे दोनों वापस आए तो बेटी का शव घर में मौजूद था और उक्त नौकर मौके से फरार था। इस तरह से दंपति ने हत्या का शक उक्त नौकर पर जताया है। जिसके बाद पुलिस ने उक्त युवक को नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हत्या से पहले की गई मारपीट
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। शुरूआती जांच में मृतका के सिर और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या गला घोंटकर की गई है और इसमें मोबाइल चार्जर के वायर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है।
इसके अलावा दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रही थी। वह इकलौती बेटी थी। उसकी इस तरह की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जांच के दौरान सामने आया है कि संदिग्ध घरेलू सहायक है, जिसकी पहचान राहुल मीणा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।
ये भी पढ़ें : Mirzapur Accident : मिर्जापुर हाईवे पर चार वाहन टकराए, 11 की मौत

