India vs Sri Lanka Test Series News: श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जसप्रीत बुमराह के सीरीज से बाहर होने के बाद टीम को एक और झटका लगा है। अब साई सुदर्शन भी चोटिल होकर टेस्ट सीरीज से बार हो गए हैं। सुदर्शन को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम में चुना गया था। साई सुदर्शन पहले से चोट से उबर रहे थे और इसी वजह से उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन टीम में शामिल किया गया था। हालांकि उनकी चोट दोबारा उभर आई और वे सीरीज से बाहर हो गए।
बुमराह पहले ही हो चुके हैं बाहर
साई सुदर्शन से पहले टीम इंडिया को सबसे बड़ा झटका जसप्रीत बुमराह के रूप में लगा था। बुमराह बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके और अंतिम फिटनेस टेस्ट में सफल नहीं होने के बाद उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। बुमराह ने जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के बाद बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन किया था। इसके बावजूद उनका फिटनेस टेस्ट पूरी तरह संतोषजनक नहीं रहा।
भारत के सामने चोटों की बड़ी चुनौती
श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम कई खिलाड़ियों की चोट से प्रभावित हुई है। वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं, जबकि हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी भी चोट की वजह से टीम की योजनाओं से बाहर हैं। टीम की बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत जैसे प्रमुख नाम मौजूद हैं। वहीं रवींद्र जडेजा की वापसी से टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कब खेली जाएगी टेस्ट सीरीज?
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू होगी और 27 अगस्त तक चलेगी। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में होगा। दोनों टेस्ट भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होने हैं। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत फिलहाल WTC तालिका में पांचवें स्थान पर है और फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे आगामी मुकाबलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना होगा। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट के बाद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट खेलने हैं।

