Chandigarh Karate Players Won 3 Medal: चंडीगढ़ के कराटे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में आयोजित 20वें ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप में चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में गोल्डन विंग्स कराटे डोजो की 5 सदस्यीय टीम ने चंडीगढ़ कराटे एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व किया।
रियांश और अनमोल ने जीता गोल्ड
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 7 से 9 अगस्त तक नई दिल्ली में आयोजित की गई। इसमें अलग-अलग आयु और वजन वर्गों में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चंडीगढ़ के रियांश मलिक ने 13 वर्ष पुरुष कुमिते के -55 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं अनमोल ने 11 वर्ष पुरुष कुमिते के -30 किलोग्राम वर्ग में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से चंडीगढ़ की टीम को बड़ी सफलता मिली।
श्रेया ने जीता सिल्वर मेडल
टीम की खिलाड़ी श्रेया ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने महिला जूनियर व्यक्तिगत कुमिते के -57 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। इस तरह चंडीगढ़ की टीम ने प्रतियोगिता में कुल तीन पदक हासिल किए। इनमें दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल शामिल हैं।
फतेह और सौरभ का भी अच्छा प्रदर्शन
टीम में शामिल फतेह सिंह ने 13 वर्ष कुमिते के +70 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया। वहीं सौरभ ने पुरुष सीनियर व्यक्तिगत कुमिते के -67 किलोग्राम वर्ग में चुनौती पेश की। दोनों खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अच्छा और मजबूत प्रदर्शन किया। हालांकि वे पदक जीतने में सफल नहीं रहे, लेकिन राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन टीम के लिए महत्वपूर्ण रहा।
विक्रांत खेरवाल ने किया टीम का नेतृत्व
चंडीगढ़ की टीम का नेतृत्व चंडीगढ़ कराटे एसोसिएशन के मुख्य कोच विक्रांत खेरवाल ने किया। वह कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) से मान्यता प्राप्त कोच हैं। साहिल कुमार और मोनिका शर्मा टीम मैनेजर की भूमिका में रहे। मुख्य कोच विक्रांत खेरवाल ने खिलाड़ियों को उनकी मेहनत, अनुशासन और अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चंडीगढ़ के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन शहर में कराटे की प्रतिभा के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगातार अभ्यास से आने वाले समय में चंडीगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और बड़े मंचों पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

