
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की सफल फ्रेंचाईजी में से एक चेन्नई सुपर किंग्स को नए कोच के नाम का ऐलान हो गया है. कई हफ्तों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए CSK ने सोमवार, 21 सितंबर को इस नाम पर से पर्दा उठाया. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ज़हीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है. ज़हीर खान नए आईपीएल सीजन में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे. इसी साल जुलाई में उन्होंने 17 साल तक टीम की कमान संभालने के बाद यह पद छोड़ दिया था.
अपने तमाम फैंस को यह खुशखबरी चेन्नई सुपर किंग्स ने पोस्ट के जरिए दी. CSK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ज़हीर का स्वागत किया. इसमें लिखा, “Left Arm ‘Taking’ Over! Welcoming Zaheer Khan as the Head Coach of Chennai Super Kings!”
Left Arm “Taking” Over! 💫🦁
Welcoming Zaheer Khan as the Head Coach of Chennai Super Kings!#WhistlePodu #Yellove 🦁💛
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) September 21, 2026
ज़हीर पूर्व भारतीय कप्तान और CSK के स्टार एमएस धोनी के साथ पहले मिलकर काम कर चुके हैं. बतौर खिलाड़ी उन्होंने 2011 का वनडे वर्ल्ड कप जीतने में अहम भूमिका निभाई थी. 2026 में धोनी ने कोई मैच नहीं खेला और उनके भविष्य को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह कुछ साफ नहीं है. फ्लेमिंग के साथ धोनी ने कप्तानी करते हुए चेन्नई को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया.
ज़हीर खान की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब CSK को अपनी टीम में कई महत्वपूर्ण बदलाव करने हैं. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज को टीम के साथ तीन साल के लिए जोड़ा गया है. IPL 2027 उनके लिए कार्यकाल का पहला सीजन होगा. जिसके बाद 2028 में मेगा ऑक्शन होना है. ऐसे में जहीर को टीम की कमियों को समझने और भविष्य की रणनीति तैयार करने का महत्वपूर्ण समय मिलेगा.
जहीर का नाम अचानक ही सामने आया. इससे पहले जिन दिग्गजों की फ्लेमिंग की जगह चेन्नई का कोच बनने के लिए नाम लिया जा रहा था उसमें वो शामिल नहीं थे. राहुल द्रविड़ और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन जैसे नाम इस पद के लिए चर्चा में थे. पिछले सप्ताह ऐसी मीडिया रिपोर्टें भी सामने आई थीं कि CSK के मौजूदा बल्लेबाजी कोच माइकल हसी को हेड कोच की जिम्मेदारी दी जा सकती है.
