Delhi Car Accident News: राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में शुक्रवार को एक कार अनकंट्रोल होकर नाले में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के अफसर के 20 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब शख्स अपनी फीमेल फ्रेंड के साथ कार से जा रहा था। तेज मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ने के बाद वाहन सड़क से फिसलकर नाले में जा गिरा। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद युवती को भी चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अमेरिका में पढ़ाई कर रहा था युवक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यशवेंद्र के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना के एक अधिकारी का बेटा था। वह अमेरिका के एक इंस्टीट्यूट में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा था और वहीं उसकी दोस्ती उसके साथ यात्रा कर रही लड़की से हुई थी। दोनों हाल ही में भारत आए थे। घटना के समय वे लड़की के वसंत कुंज स्थित घर की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसा दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नंगल देवत ट्रैफिक सिग्नल के पास हुआ। इस स्थान पर सड़क पर तीखा मोड़ होने के साथ फिसलन भी थी। पुलिस का अनुमान है कि मोड़ पर कार का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिससे वाहन सड़क से उतरकर नाले में जा गिरा और पलट गया। सूचना मिलने पर वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को नाले से बाहर निकलवाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यशवेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि युवती की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त कार युवती की थी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज मोड़ पर कार से नियंत्रण खोना और सड़क पर मौजूद फिसलन प्रतीत हो रही है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

