नई दिल्ली.भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर चोटिल हो रहे खिलाड़ियों से परेशान है. दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा. श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ शुक्रवार को कोलंबो में शुरू हुए प्रैक्टिस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल के बिना ही मैदान पर उतरी. इस मुकाबले में पहले गेंदबाजी कर रही टीम की कमान केएल राहुल ने संभाली. वो जब टॉस करने पहुंचे तो शुभमन गिल की चोट को लेकर फैंस की चिंता और बढ़ गई. खबर आई थी कि कप्तान को प्रैक्टिस सेशन के दौरान दो बार चोट लगी थी.
श्रीलंका इलेवन के खिलाफ शुरु हुए प्रैक्टिस मैच से पहले बीसीसीआई ने कप्तान शुभमन गिल के चोटिल होने की खबर दी. इसमें बताया गया कि उनको गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोट लगी थी. गिल के दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी.बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. 15 अगस्त से शुरु हो रही सीरीज से पहले टीम मैनेजमेंट किसी तरह का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती थी. ऐसे में एहतियात के तौर पर शुभमन गिल को प्रैक्टिस मैच के पहले दिन मुकाबले में ना उतारने का फैसला लिया गया. उनकी चोट इतनी गंभीर नहीं है और पहले टेस्ट में खेलने के लिए उनके फिट होकर उतरने की उम्मीद है. शुभमन गिल को श्रीलंका इलेवन के प्रैक्टिस मैच के दौरान मैदान के बाहर मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ बातचीत करते हुए देखा गया.
Update: Captain Shubman Gill sustained an impact injury to his right ring finger during India’s practice on Thursday. As a precautionary measure, he will not take the field on Day 1 of the warm-up game against SLC XI. The BCCI Medical Team is monitoring his progress.
KL Rahul… https://t.co/Mzu2yW4OgX
— BCCI (@BCCI) August 7, 2026
प्रैक्टिस मैच में श्रीलंका इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. पहले सेशन में भारतीय टीम के गेंदबाज विकेट निकालने में नाकाम रहे. श्रीलंका क्रिकेट इलेवन की ओपनिंग जोड़ी निशान फर्नांडो और रविन्दु रसंथा ने शानदार शुरुआत की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े.निशान फर्नांडो ने 65 गेंद पर 66 रन की पारी खेली जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था. उनको मानव सुधार के थ्रो पर केएल राहुल ने रन आउट कर वापसी का रास्ता दिखाया. इसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा को रवींद्र जडेजा ने 35 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई. रासंथा ने पवन रत्नायके के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया.

