Google Photos Backup News: अगर आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप की फोटो और वीडियो को Google Drive for desktop के जरिए सीधे Google Photos में ऑटोमैटिक बैकअप करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। गूगल ने कंफर्म किया है कि 10 अगस्त 2026 से गूगल ड्राइव फॉर डेस्कटॉप और गूगल फोटोज के बीच मिलने वाली यह ऑटोमैटिक बैकअप सुविधा बंद हो रही है। इस बदलाव के बाद कंप्यूटर की कोई भी नई फोटो या वीडियो अपने आप गूगल फोटोज में अपलोड नहीं होगी। हालांकि पहले से गूगल फोटोज में सेव की गई फोटो और वीडियो पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
आखिर गूगल फोटोज में क्या बदल रहा है?
अभी तक गूगल ड्राइव फॉर डेस्कटॉप में यूजर्स अपने कंप्यूटर के किसी फोल्डर को Google Photos में बैकअप के लिए चुन सकते थे। इसके बाद उस फोल्डर में सेव होने वाली फोटो और वीडियो अपने आप गूगल फोटोज में बैकअप हो जाती थीं। उदाहरण के लिए अगर आपने अपने लैपटॉप में Photos नाम का एक फोल्डर गूगल फोटोज बैकअप के लिए चुना हुआ था, तो उसमें नई फोटो डालते ही वह गूगल फोटोज में भी अपलोड हो जाती थी। हालांकि 10 अगस्त 2026 से यह सुविधा पूरी तरह बंद हो रही है। ऐसे फोल्डर में नई फोटो या वीडियो सेव होने के बाद वे गूगल फोटोज में अपने आप बैकअप नहीं होंगी।
गूगल ड्राइव या गूगल फोटो बंद हो रहे हैं?
इस बदलाव का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि Google Drive या Google Photos की सर्विस बंद हो रही है। Google Drive for desktop के जरिए कंप्यूटर पर फाइलों की सामान्य सिंकिंग पहले की तरह जारी रहेगी। इसी तरह गूगल फोटोज भी सामान्य रूप से काम करता रहेगा। सिर्फ Google Drive for desktop से Google Photos में फोटो और वीडियो भेजने वाला ऑटोमैटिक कनेक्शन बंद किया जा रहा है। अगर आप ड्राइव फॉर डेस्कटॉप का इस्तेमाल अपनी कंप्यूटर फाइलों को सिंक करने के लिए करते हैं, तो उस पर इस बदलाव का कोई असर नहीं पड़ेगा।
पहले से गूगल फोटोज में सेव फोटोज रहेंगी
इस बदलाव को लेकर सबसे जरूरी बात यह है कि आपकी पुरानी फोटो और वीडियो डिलीट नहीं होंगी। जो फोटो और वीडियो पहले ही Google Photos में बैकअप हो चुकी हैं, वे वहां सुरक्षित रहेंगी। गूगल ने स्पष्ट किया है कि ड्राइव फॉर डेस्कटॉप के जरिए पहले से किए गए बैकअप इस बदलाव से प्रभावित नहीं होंगे। समस्या सिर्फ उन नई फोटो और वीडियो की होगी, जो 10 अगस्त के बाद आपके कंप्यूटर के उन फोल्डरों में सेव होंगी जिनका बैकअप पहले Drive for desktop के जरिए Google Photos में होता था।
अब डेस्कटॉप यूजर्स फोटो का बैकअप कैसे लें?
Google Photos से फोल्डर का बैकअप सेट करें : यूजर्स Google Photos में जाकर अपने कंप्यूटर के फोल्डर को बैकअप के लिए चुन सकते हैं। इसके लिए Google Photos में + बटन का इस्तेमाल करके Back up folders विकल्प चुना जा सकता है। इसके बाद उन फोल्डरों को चुना जा सकता है, जिनमें मौजूद फोटो और वीडियो का बैकअप Google Photos में रखना है। यह तरीका उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो कंप्यूटर में किसी खास फोल्डर में अपनी फोटो सेव करते हैं और उसे Google Photos में भी रखना चाहते हैं।
Google Drive से फोटो Google Photos में इंपोर्ट करें : अगर आपकी फोटो पहले से Google Drive में मौजूद हैं, तो उन्हें Google Photos में इंपोर्ट भी किया जा सकता है। इससे Google Drive में रखी मौजूदा फोटो को Google Photos में लाने का विकल्प मिलेगा। यह उन लोगों के लिए उपयोगी है जिनकी बड़ी फोटो लाइब्रेरी पहले से Google Drive में स्टोर है।
फोन के यूजर्स के लिए कोई बदलाव नहीं
अगर आप मुख्य रूप से अपने स्मार्टफोन की फोटो और वीडियो का बैकअप Google Photos ऐप के जरिए करते हैं, तो आपको इस बदलाव को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह बदलाव फोन से होने वाले Google Photos बैकअप को प्रभावित नहीं करता। Google Photos ऐप के जरिए मोबाइल फोटो और वीडियो का बैकअप पहले की तरह जारी रहेगा। यह बदलाव खास तौर पर उन यूजर्स के लिए महत्वपूर्ण है, जो कंप्यूटर, कैमरा, स्कैनर या किसी अन्य डिवाइस से फोटो लेकर उन्हें कंप्यूटर के किसी फोल्डर में रखते हैं और फिर Drive for desktop के जरिए उनका Google Photos में बैकअप करते थे।
कैमरा और कंप्यूटर यूजर्स पर पड़ेगा असर
अगर आप DSLR या मिररलेस कैमरे से फोटो लेकर उन्हें कंप्यूटर में सेव करते हैं, पुराने फोटो स्कैन करते हैं या कंप्यूटर पर बड़ी फोटो लाइब्रेरी रखते हैं, तो इस बदलाव का आप पर सीधा असर पड़ सकता है। पहले आप सिर्फ एक बार फोल्डर चुनकर बैकअप की सुविधा चालू कर देते थे और नई फोटो अपने आप Google Photos में पहुंच जाती थीं। अब ऐसा नहीं होगा। अगर आपने नई व्यवस्था नहीं अपनाई तो 10 अगस्त 2026 के बाद उस फोल्डर में आने वाली नई फोटो Google Photos में अपने आप बैकअप नहीं होगी। नई सेटिंग नहीं करने पर आपकी पहले से Google Photos में मौजूद फोटो डिलीट नहीं होंगी। लेकिन भविष्य में कंप्यूटर के चुने हुए फोल्डर में आने वाली नई फोटो और वीडियो का ऑटोमैटिक Google Photos बैकअप बंद हो जाएगा।

