दिनभर की उथलपुथल के बाद लगभग स्पाट बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर से उपजे तनाव ने विश्व के सभी प्रमुख शेयर बाजारों को नकारात्मक रूप से प्रभावित किया। इस तनाव के चलते सप्ताह की शुरुआत अच्छी नहीं रही। निवेशकों ने मध्य पूर्व में हाल ही में हुई गड़बड़ियों को पूर्ण पैमाने पर संघर्ष की शुरूआत के बजाय संभावित वार्ता रणनीति के रूप में देखा।
वहीं इस सप्ताह युद्धविराम की समाप्ति को देखते हुए, बाजार के भागीदार सतर्क बने हुए हैं और आगे के घटनाक्रमों का इंतजार कर रहे हैं। यही कारण है कि सोमवार को एशियाई बाजारों हल्की तेजी रही वहीं यूरोप के बाजारों में गिरावट देखी गई। भू-राजनीतिक चुनौतियों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच निवेशकों के सतर्क होने के कारण सोमवार को भाराीय शेयर बाजार पर भी नकारात्मक असर पड़ा।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
बाजार के उतार-चढ़ाव भरे सत्र में बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगभग बिना बदलाव के बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ 26.76 अंक या 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,520.30 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, इसने 78,942.45 का उच्च और 78,203.30 का निम्न स्तर छुआ, जिसमें 739.15 अंकों का उतार-चढ़ाव आया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 11.30 अंक या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 24,364.85 पर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले 19 पैसे टूटा रुपया
डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे गिरकर 93.10 (अस्थायी) पर बंद हुआ। सोमवार को जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में 3% की बढ़त दर्ज की गई जबकि हिंडाल्को के शेयरों में दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से ट्रेंट, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और इंटरग्लोब एविएशन लाभ में रहीं। जबकि लार्सन एंड टुब्रो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचसीएल टेक और कोटक महिंद्रा बैंक पिछड़ने वालों में शामिल थे।
सोने-चांदी की कीमतों में उछाल
दल्ली में सोने-चांदी की कीमतों में सोमवार को मजबूत उछाल दिखा। अखिल भारतीय सरार्फा एसोसिएशन के अनुसार चांदी 4300 रुपये मजबूत होकर 2.57 लाख प्रति किलोग्राम के भाव पहुंच गई। शुक्रवार को चांदी 2,53,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। सोमवार के दिन 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 800 रुपये मजबूत होकर 1.57 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, वैश्विक रुझान सुस्त बने रहे। हाजिर चांदी 1.09 अमेरिकी डॉलर या 1.35 प्रतिशत गिरकर 79.71 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि सोने का भाव 0.52 प्रतिशत गिरकर 4,805.09 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गया।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : भारत को प्रभावित कर रहा पश्चिम एशिया संकट : आरबीआई

