नई दिल्ली. श्रीलंका के खिलाफ अहम माने जा रहे दौरे के लिए भारतीय टीम रवाना हो चुकी है. मंगलवार (4 अगस्त) को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए मुंबई से टीम के सभी सदस्यों ने उड़ान भरी. आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंदर खेली जाने वाली सीरीज में जीत दोनों टीमों के लिए जरूरी है. भारतीय टीम में श्रीलंका के स्पिन अटैक का सामना करने के लिए चार स्पिनर को नेट बॉलर के तौर पर जोड़ा गया है. कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर की नजर wtc फाइनल पर है. इस रेस में बने रहने के लिए श्रीलंका को मात देना जरूरी है.
भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली सीरीज को लेकर काफी बातें की जा रही है. टीम इंडिया का टेस्ट में रिकॉर्ड पिछले कुछ महीनों में अच्छा नहीं रहा है. ऐसे में श्रीलंका की टीम को उसी के घर पर हराना बहुत ही मुश्किल चुनौती होगी. टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे पर रवाना होने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. मंगलवार सुबह टीम इंडिया सभी खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे और एक साथ ही श्रीलंका के लिए रवाना हुए. चयनकर्ताओं ने दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है. भारतीय खिलाड़ियों को एयरपोर्ट पर बस से उतरते हुए देखा गया.
లంక సిరీస్కు బయలుదేరిన భారత జట్టు.. ఎయిర్పోర్టులో కనిపించిన స్టార్ ప్లేయర్లు..!!#TeamIndia #BCCI #SLvsIND #INDvsSL #PlayerSpotlight #MKReels #Mykheltelugu pic.twitter.com/shp3CPFCad
— MyKhel Telugu (@myKhelTelugu) August 4, 2026
कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान केएल राहुल, विकेटकीपर ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज टीम के साथ नजर आए. जो वीडियो सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है उसमें कप्तान शुभमन गिल मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम के अन्य सपोर्ट स्टाफ के साथ बस पर चढ़ने से पहले मिलते नजर आ रहे हैं. इंग्लैंड में खेली गई वनडे सीरीज के बाद टेस्ट टीम के खिलाड़ियों को कोचिंग स्टाफ को एक ब्रेक दिया गया था.
श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम को पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेलना है. इससे पहले टीम के सारे खिलाड़ी तीन दिन के प्रैक्टिस मैच में खेलने उतरेगी. इस मैच को पहले चार दिन का होना था लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इसमें एक दिन कम करने का ऐलान किया. भारत और श्रीलंका का दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से एसएससी, कोलंबो में होगा. दोनों मुकाबले WTC 2027 अंक तालिका के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे.
भारतीय टीम में श्रीलंका के स्पिन ट्रैक से निपटने के लिए चार युवा स्पिनर को बतौर नेट बॉलर जोड़ा गया है. इनमें ऑफ स्पिनर तनुष कोटियन, बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे और लेग स्पिनर विपराज निगम शामिल हैं।

